सरकारी विभागों की लापरवाही लोगों पर पड़ रही भारी
बदनौर | चंबलप्रोजेक्ट की पाइप लाइन डालने के लिए खोदी जा रही खाई के दौरान जेसीबी ने पेयजल पाइप लाइन तोड़ दी। विनोद सागर में आने वाली यह पाइप लाइन सांसद कोष से डाली गई थी। इस पर करीब 25 लाख रुपए लागत आई थी। पाइप लाइन तोड़ दी लेकिन प्रोजेक्ट का काम देख रहे ठेकेदार ने इसकी सुध तक नहीं ली है। ग्रामीणों ने बताया कि चंबल प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। पाइप लाइन डालने के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही है। ठेकेदार के कर्मचारी खुदाई के दौरान लापरवाही बरत रहे हैं। जेसीबी से विनोद सागर तक डाली गई पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पाइप लाइन से शीतला का चौड़ा खदानों का पानी विनोद सागर में सप्लाई होना था। जेसीबी ने पिलर, खंभे आदि भी क्षतिग्रस्त कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पाइप लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
बनेड़ा | राक्षीगांव में पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से हजारों लीटर पानी बह रहा है। लोग पेयजल के लिए भटक रहे हैं और जलदाय विभाग पाइप लाइन ठीक नहीं कर रहा है। राक्षी में करीब 25 लाख रुपए की लागत से 2013 में टंकी का निर्माण कराया गया था। जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन भी डाली गई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से पानी बह रहा है। इससे गांव के लाबां रोड स्थित मीणा मोहल्ला तथा नाई मोहल्ला में नलों में पानी नहीं रहा है। लोग पेयजल के लिए दूर दराज के क्षेत्रों में भटक रहे हैं। इस पाइप लाइन से सरकारी कुएं से टंकी तक पानी पहुंचाया जाता है। अब पानी टंकी तक नहीं पहुंच रहा है। लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से पेयजल गड्ढों में भर रहा है। इससे रास्ते में कीचड़ फैल गया है। इससे ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने पाइप लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
बिजली कनेक्शन नहीं पर भेज दिया 11 हजार का बिल
जहाजपुर | बिजलीनिगम की लापरवाही देखिए। एक बीपीएल परिवार के घर बिजली कनेक्शन नहीं है फिर भी 11 हजार रुपए का बिल भेज दिया। बिल देखकर सकते में आया 65 साल का बुजुर्ग बिजली निगम के चक्कर लगा रहा है। फलासिया गांव के बुजुर्ग बीरमा पुत्र दीया रैगर के नाम से कुटीर ज्योति योजना में कनेक्शन होना बताकर बिजली निगम ने 11 हजार 758 रुपए का बिल भेज दिया। बिल को लेकर बीरमा बिजली निगम कार्यालय पहुंचा लेकिन उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। बीरमा ने बताया कि उसके कच्चा मकान है। जिसमें कभी बिजली का कनेक्शन लिया ही नहीं है। घर चिमनी से रोशन होता है। इस संबंध में जहाजपुर बिजली निगम के एईएन एसके सिन्हा ने बताया कि ऐसा कैसे हो सकता है? रिकॉर्ड देखकर ही कुछ बता पाऊंगा। अगर ऐसा हुआ है तो सुधार करा दिया जाएगा।