अलवर। उपजिला प्रमुख पद के चुनाव में रविवार को भाजपा ने जीत दर्ज कर ली। भाजपा के रमन गुलाटी 8 मतों से जीतकर उप जिला प्रमुख चुने गए। कुल 49 मतों में से गुलाटी को 28 कांग्रेस की प्रेम छिल्लर को 20 मत मिले, जबकि एक वोट निरस्त हो गया। इससे पहले सुबह भाजपा के उप जिला प्रमुख प्रत्याशी रमन गुलाटी एवं कांग्रेस प्रत्याशी प्रेम छिल्लर ने नामांकन भरे।
अपरान्ह तीन बजे मतदान शुरू हुआ। सबसे पहले जिला प्रमुख रेखा यादव चार अन्य जिला परिषद सदस्यों के साथ पहुंची। निवर्तमान जिला प्रमुख साफिया खान करीब पौने चार बजे मतदान करने पहुंची। भाजपा के पार्षद चार से सवा चार बजे के बीच मतदान के लिए पहुंचे।
कुछ सदस्य एक-एक कर आए जबकि कुछ सदस्य समूह में आए। सभी जिला परिषद सदस्यों ने सवा चार बजे तक मतदान कर दिया। मतों की गिनती के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी स्वामी ने रमन गुलाटी को 8 मतों से विजेता घोषित किया। इसके बाद उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान मतदान स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा।
मुख्यमंत्री प्रदेशाध्यक्ष से की धोखा देने की शिकायत
भाजपा की जिला प्रमुख पद प्रत्याशी रही अनुराधा शेखावत ने कहा कि खाद्य मंत्री हेमसिंह भडाना विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव में हमारे बलबूते पर ही जीते। बानसूर में हमारे कारण ही पंचायत चुनाव में भाजपा जीती, लेकिन हमें ही धोखा दे दिया। ये भाजपा ने अच्छा नहीं किया। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से प्रदेशाध्यक्ष को की जा चुकी है।
भाजपा दिखी एकजुट
एक दिन पहले जिला प्रमुख के चुनाव में बिखरी भाजपा रविवार को एकजुट नजर आई। उप जिला प्रमुख के चुनाव में सभी सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। इसी कारण भाजपा उप जिला प्रमुख के पद पर काबिज हो सकी। मतदान के दौरान देरी से पहुंचे भाजपा के जिला परिषद सदस्यों के कारण लोग यह भी कयास लगाते रहे कि उप जिला प्रमुख चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग हो सकती है, लेकिन जीत की घोषणा ने इस पर विराम लगा दिया।
विकास में पूरा सहयोग करेंगे
संगठन की एकजुटता से जीत हासिल हुई है। सभी एमएलए और जिला परिषद सदस्यों का पूरा सहयोग रहा है। जिला परिषद की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास में पूरा सहयोग किया जाएगा। किसी की निजी राय को व्यक्ति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
-रमन गुलाटी, नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख अलवर
जिला प्रमुख के चुनाव में बहुमत के बावजूद हुई क्रॉस वोटिंग की जांच कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में प्रदेशाध्यक्ष को शिकायत कर दी गई है। उप जिला प्रमुख पद के लिए सभी सदस्यों ने भाजपा के पक्ष में एकजुटता से मतदान किया। इंद्रजीतसिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा
निरस्त वोट भाजपा का संभव
उपजिला प्रमुख पद की मतगणना में निरस्त एक वोट भाजपा के जिला पार्षद का होने की संभावना जताई जा रही है। नेताओं के अनुसार, कांग्रेस के निर्वाचित 19 और एक समर्थित सदस्य ने प्रेम छिल्लर के पक्ष में वोट डाला जबकि भाजपा के विजयी 29 सदस्यों ने रमन गुलाटी के पक्ष में। कांग्रेस को मिले 20 मतों से यही संभावना रही कि निरस्त वोट भाजपा सदस्य का था, क्योंकि भाजपा के 29 में से 28 वोट ही वैध निकले।
अनुराधा के साथ आई ननद भाजपा नेताओं पर बरसीं
अपराह्न करीब 4.10 बजे मतदान के लिए भाजपा की जिला प्रमुख प्रत्याशी अनुराधा शेखावत आई। शेखावत के साथ आई उनकी ननद संतोष कंवर को पुलिसकर्मियों ने मतदान स्थल के गेट पर रोका तो वे भड़क उठी और भाजपा नेताओं पर बरसने लग गई।
कंवर का कहना था कि खाद्य मंत्री हेमसिंह भडाना ने धोखाधड़ी से हराया है और विधायक जसवंत यादव तो पहले से ही खिलाफ थे। सरिस्का पैलेस से जैसे ही बस भाजपा सदस्यों को लेकर चली तो भाजपा नेताओं ने उसे रुकवाया और कुछ सदस्यों को होटल के अंदर ले जाकर बात की। इससे शक तो पहले ही हो गया था।