अलवर। थाना क्षेत्र के गांव भूपसेड़ा में शादी समारोह में नाचने को लेकर हुई कहासुनी के दो दिन बाद रंजिश के चलते शुक्रवार को कानपुरा तन दौलत सिंह की ढाणी में एक युवक की बैल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
थाना प्रभारी रमेश सिनसिनवार ने बताया कि ग्राम नारेड़ा खुर्द थाना बहरोड़ निवासी अशोक कुमार पुत्र हरफूल यादव ने शनिवार को थाने में मामला दर्ज कराया कि उसका बेटा अनिल उर्फ टोनी (25) अपनी मौसी के यहां गांव भूपसेड़ा में चार दिन पूर्व आया था। 12 फरवरी को भूपसेड़ा से अपनी मौसी के लड़के प्रदीप के साथ कानपुरा तन दौलत सिंह की ढाणी बारात में गया था।
इससे पहले भूपसेड़ा में 10 फरवरी को लग्न टीका समारोह में डीजे पर नाच गाने को लेकर उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते ललित वगैरह 10-12 जने गाड़ी से कानपुरा तन दौलत सिंह की ढाणी आए तथा अनिल के साथ मारपीट कर गले में बैल्ट डालकर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक अनिल के शव को अस्पताल में रखवा दिया। डा. डी.आर यादव ने बताया कि मृतक के गले पर चोट के निशान थे। मृतक की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।