- Hindi News
- विधायक की सीट पर क्या कर रहे हैं जिलाध्यक्ष
विधायक की सीट पर क्या कर रहे हैं जिलाध्यक्ष
अलवर। जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक की सूचना नहीं देने पर कांग्रेस विधायक शकुंतला रावत ने प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव से नाराजगी जाहिर की। साथ ही बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए किसी पार्टी पदाधिकारी की मौजूदगी को नियमों के खिलाफ बताया। दरअसल, बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री हेमसिंह भडाना प्रभारी सचिव वीनू गुप्ता ने जिले के प्रमुख अधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक लेकर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेने के साथ आगामी योजनाओं पर चर्चा की। इसी दौरान नवनियुक्त जिला प्रमुख रेखा यादव कार्यग्रहण करने के बाद मीटिंग में पहुंच गई। उनके साथ बानसूर विधायक शकुंतला रावत सहित अन्य कांग्रेस नेता भी थे।
मीटिंग हाॅल में रावत ने अन्य सभी विधायकों को देखा तो प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव जिला कलेक्टर की ओर से देखकर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी ने उन्हें मीटिंग की सूचना नहीं दी। बानसूर क्या जिले का हिस्सा नहीं है?
इस पर अधिकारियों ने विधायक से निवेदन कर मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए कहा। जैसे ही वे सीट पर बैठने लगी तो उनकी नजर सामने वाली कतार में विधायक धर्मपाल चौधरी की सीट पर बैठे भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत पर पड़ी। इस पर उन्होंने ऐतराज जताया, जिसके बाद जिलाध्यक्ष मीटिंग छोड़कर कुछ देर के लिए बाहर गए।
कांग्रेस विधायक शकुंतला ने जिला स्तरीय बैठक में किया सवाल