- Hindi News
- अभद्रता के खिलाफ ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर लगाया ताला
अभद्रता के खिलाफ ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर लगाया ताला
लोयतीके ग्रामीणों ने मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के ताला लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण सोमवार को स्कूल में शराब पीकर घुसे युवक द्वारा छात्र-छात्राओं से अभद्रता और शिक्षक से मारपीट को लेकर आक्रोशित थे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तालाबंदी की। तालाबंदी की सूचना पर एसडीएम ममता यादव थानाप्रभारी जितेंद्र नावरिया पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश कर मामला शांत कराया। पुलिस ने इस मामले में लोयती निवासी कालूराम उर्फ कृष्ण पुत्र जयराम गुर्जर को गिरफ्तार किया है। स्कूल के वरिष्ठ अध्यापक रमेश चंद नैनावत निवासी रामपुर ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया लोयती निवासी कालूराम उर्फ कृष्ण पुत्र जयराम गुर्जर सोमवार दोपहर 12.30 बजे स्कूल में घुस गया तथा कक्षा 9 के छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान बीच बचाव करने आए स्कूल के वरिष्ठ अध्यापक रमेश नैनावत के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।