- Hindi News
- गांवों की सरकार में पुरुषों पर भारी पड़ी महिलाएं
गांवों की सरकार में पुरुषों पर भारी पड़ी महिलाएं
पंचायतीराज संस्थाओं में शिक्षा की अनिवार्यता का वसुंधरा राजे सरकार का फैसला जिले की जनता के लिए सुकूनभरा है। जिले में उच्च शिक्षित प्रधान भी बने हैं। इसके अलावा इस बार जिले में गांवों की सरकार में महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ी है। इससे महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
शनिवार को चुने गए जिले की चौदह पंचायत समितियों के प्रधानों में दो पोस्ट ग्रेजुएट हैं। इसके अलावा चार ग्रेजुएट प्रधान चुने गए हैं जबकि दो प्रधान सीनियर सैकंडरी उत्तीर्ण हैं और 6 प्रधान सैकंडरी पास हैं। जिला प्रमुख चुनी गई रीना यादव ने सीनियर सैकंडरी की है। पुरुषों में ग्रेजुएट प्रधान केवल एक ही है।
जिले में चौदह में से दस प्रधान महिलाएं बनी गई हैं। इससे महिलाओं को गांवों की सरकार में सत्तर फीसदी से ज्यादा भागीदारी मिली है। जिले की आठ पंचायत समितियों में महिलाओं के लिए प्रधान पद आरिक्षत किए गए थे, लेकिन पंचायत समिति सदस्यों ने दो अन्य महिलाओं को भी प्रधान पद की कमान सौंपी है। जिले में केवल चार पुरुष ही प्रधान चुने गए हैं।
आरक्षण के तहत बानसूर से सामान्य महिला, बहरोड़ से ओबीसी महिला, कोटकासिम से ओबीसी महिला, लक्ष्मणगढ़ से एसटी महिला, मुंडावर से ओबीसी महिला, नीमराना से ओबीसी महिला, रैणी से ओबीसी महिला एवं रामगढ़ से सामान्य महिला के लिए प्रधान का पद लॉटरी से आरक्षित किया गया था। इन आठ पंचायत समितियों के अलावा थानागाजी एवं उमरैण पंचायत समिति से भी महिलाएं ही प्रधान चुनी गई हैं। खास बात यह भी है कि जिला परिषद में भी पुरुषो के मुकाबले महिलाओं की संख्या इस बार ज्यादा रही है। जिला परिषद के 49 वार्डों में 27 महिलाएं 22 पुरुष सदस्य चुने गए हैं। आरक्षण के हिसाब से इनमें तीन महिलाएं ज्यादा हैं।
कौन कितने पढ़े-लिखे
जिलाप्रमुख रीना यादव सीनियर सैकंडरी
नीमराना प्रधान सविता यादव पोस्ट ग्रेजुएट
लक्ष्मणगढ़ प्रधान शीला मीणा पोस्ट ग्रेजुएट
किशनगढ़बास प्रधान ओमप्रकाश ग्रेजुएट
कोटकासिम प्रधान सुनीता यादव ग्रेजुएट
रामगढ़ प्रधान आभा जैन ग्रेजुएट
उमरैण प्रधान मंजूदेवी ग्रेजुएट
तिजारा प्रधान टीटू सीनियर सैकंडरी
मुंडावर प्रधान सीमा यादव सीनियर सैकंडरी
बानसूर प्रधान नीलम सैकंडरी
बहरोड़ प्रधान रीना सैकंडरी
कठूमर प्रधान संजय खींची सैकंडरी
रैणी प्रधान अनिता देवी सैकंडरी
राजगढ़ प्रधान महंत जयरामदास सैकंडरी
थानागाजी प्रधान ललितादेवी सैकंडरी