पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कलेक्टर की जनसुनवाई में आई 48 शिकायतें

कलेक्टर की जनसुनवाई में आई 48 शिकायतें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलाकलेक्टर एमपी स्वामी ने गुरुवार को जिला परिषद के सभागार में जनसुनवाई की। जनसुनवाई में 48 शिकायतें आई। इस दौरान कलेक्टर ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और मौजूद अधिकारियों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से निपटारा करने के लिए कहा।

उन्होंने जिलास्तरीय अधिकारियों को जनसुनवाई रात्रि चौपाल में खुद उपस्थित होने के लिए कहा। लक्ष्मणगढ़ के ग्राम हरसाना की इन्दिरा काॅलोनी में बिजली ट्रांसफार्मर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने पर जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता से कहा कि वे कनिष्ठ अभियंता से रिपोर्ट दर्ज करवाएं। बानसूर के ग्राम कल्याण नगर निवासी वीरांगना सरोज देवी ने शहीद कोटे से आवंटित भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने बानसूर एसडीएम को जमीन का कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। राजगढ़ के मीणापुर निवासी पूरणसिंह की साझे के बिजली कनेक्शन को गलत तरीके से दूसरी जगह लगाने की शिकायत पर जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

शहर की आर्यनगर कॉलोनी में दूषित पानी सप्लाई की शिकायत पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को पाइप की जांच कराकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में दस एनजीओ ने संयुक्त ज्ञापन देकर नवजीवन योजना के प्रशिक्षणार्थियों के स्टायपंड बकाया भुगतान की मांग की। कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को 10 दिन में भुगतान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय कुंजमोहन शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सिंह राठौड़ ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेंद्र वर्मा,अलवर के उपखंड अधिकारी डाॅ. राजेश गोयल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।