अलवर। इस बार सरपंच के लिए आठवीं उत्तीर्ण की बाध्यता से कई गांवों की बागडौर युवाओं के हाथ में आ गई। काफी पंचायतों में बहू यह जिम्मेदारी संभाल रही है। इनके सरपंच बनने के एक साल के भीतर ही गांवों की तस्वीर बदली-बदली नजर आने लगी है। सृष्टी जैन(25), मीनाक्षी जैन(31), हरकेशी (32) व हंसा चौधरी (21) जैसे नाम गांव के विकास के पर्याय बन रहे हैं।
इसी का नतीजा है कि थानागाजी की दुहार चौगान के रास्ते अब एलईडी लाइटों से रोशन है। राजगढ़ के सुरेश गांव में नशे के विरोध में जागरुकता तेज हो गई है। बानसूर के मोढू का ग्राम पंचायत स्वच्छता के लिए जिला प्रशासन से सम्मान ले चुकी है।
सृष्टि ने एलईडी से रोशन कर दिया गांव
अलवर. थानागाजी की ग्राम पंचायत है दुहार चौगान। पहले यहां शाम ढलते ही रास्ते अंधेरे में गुम हो जाते थे। यहां से निकलने तक में डर लगने लगा था। दुर्घटनाएं और चाेरियां बढ़ गई। पर अब सृष्टि ने यहां का नजारा बदल दिया है। पूरे गांव के रास्ते रोशनी से जगमग है, वो भी एलईडी लाइटों से। 25 साल की सरपंच सृष्टि जैन बताती हैं कि गांव में अंधेरे के कारण कई साल से लोगों को परेशानी हो रही थी। सरपंच बनते ही सबसे पहले रोडलाइट लगाने की योजना बनाई। सात हजार की आबादी वाले गांव में सवा दो किमी में 51 रोडलाइट लगाई हैं। कम खर्चे में अधिक रोशनी का भार भी पंचायत उठा रही है। पंचायत के बजट में से करीब पौने तीन लाख रुपए खर्च कर सवा दो किमी में रोडलाइट लाइन डलवाई और खंभे भी लगाए। लाइट खरीदने के लिए विधायक हेमसिंह भडाना के कोष से तीन लाख रुपए लिए।
50 डस्टबिन लगानेकी योजना
सरपंच सृष्टि जैन का कहना है कि गांव में विकास के बाद अब स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गांव में 50 डस्टबिन लगाए जाने की योजना है। ताकि कचरे का निर्धारित स्थान पर निस्तारण किया जा सके। अभी कचरा होने से गंदगी दिखती है। वहीं पांच लाख रुपए की लागत से पांच सौ फुट का इंटर लॉकिंग डिवाइडर रोड बनाया जाएगा।
स्कूलों में पेयजल व्यवस्था कराई
सरपंच जैन ने गांव में करीब साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण कराया और छह सड़क और नाली निर्माण के लिए 20.50 लाख रुपए मंजूर कराए हैं। वहीं प्राइमरी और माध्यमिक स्कूलों में पेयजल के लिए टंकियों का निर्माण कराया है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले गांव में सड़क व नालियों की हालत ठीक नहीं थी, अब जल्द ही सुधार होने की उम्मीद है।
पहले ही साल स्वच्छता के लिए मिला सम्मान
स्वच्छता और विकास के लिए ग्राम पंचायत मोठू का की 21 वर्षीय सरपंच हंसा चौधरी को एक साल में काफी सफलता मिली है। इसके चलते जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित भी किया है। हंसा ने शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए लोगों को जागरूक किया। गांव में रोड लाइट की सुविधा, गौरव पथ, मोठूका व फतेहपुर मे इंटर लॉकिंग सड़क, फतेहपुर मे सीसी सड़क व नाली निर्माण कराया गया है।
हंसा चौधरी।