विरोध प्रदर्शन की तैयारियां तेज
बारां. सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में 6 अक्टूबर को किए जाने वाले प्रदर्शनों के लिए भारतीय किसान संघ ने तहसील स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठकें करना शुरू कर दिया है। इनको सफल बनाने के साथ ही रणनीति तैयार करने के लिए तहसीलों में प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।
सरकार आप के द्वार कोटा संभाग का दौरा स्थगित होने बाद भी किसान संघ विरोध प्रदर्शन करेगा। रविवार को मांगरोल तहसील के कार्यकर्ताओं की बैठक ब्रह्माणी माताजी मन्दिर मांगरोल पर ली गई। बैठक तहसील अध्यक्ष चौथमल नागर की अध्यक्षता में हुई। छबड़ा तहसील प्रचार प्रमुख संग्राम मीणा ने बताया कि छबड़ा के कार्यकर्ताओं की बैठक मालव छात्रावास छबड़ा में रामबाबू शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें दोनों तहसीलों के कार्यकर्ता अपनी तहसीलों पर विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई। एक अक्टूबर तक जिले की सभी तहसीलों की बैठकें सम्पन्न कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए तहसीलों के प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। इसी क्रम में 30 सितंबर को किशनगंज के किसान तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। जिला प्रचार प्रमुख भीमसिंह सारस्वत ने बताया कि शुक्रवार को कलमंडा हनुमान जी के यहां आयोजित वन विहार में राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करने का तय किया हैं। इसकी तैयारियों के लिए 29 सितंबर सोमवार को अंता एक अक्टूबर को बारां, शाहबाद अटरू तहसील की बैठकें बुलाई गई हैं। बैठक में जिला संरक्षक घनश्याम मीणा, जिलाध्यक्ष शंकर लाल नागर, प्रातीय कार्यकारणी सदस्य बाल किशन मीणा मौजूद रहे।