- Hindi News
- ट्यूबवैल स्टार्टर बॉक्स का ताला तोड़ा, मोटर जली
ट्यूबवैल स्टार्टर बॉक्स का ताला तोड़ा, मोटर जली
बारां|शहर मेंपानी सप्लाई के लिए लगी जलदाय विभाग की ट्यूबवैलों को असामाजिक तत्व नुकसान पहुंचा रहे हैं। बुधवार रात को भी मेलखेड़ी रोड स्थित एक ट्यूबवैल के स्टार्टर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद रात भर चालू रहने से ट्यूबवैल की मोटर खराब हो गई। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह जलदाय विभाग की जेईएन मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दी है। शहर में हीकड़ दह पंप हाउस से सप्लाई के लिए अटरू रोड स्थित फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचता है। इसके अलावा मेलखेड़ी रोड और आमापुरा स्थित ट्यूबवैलों से भी पानी की सप्लाई की जाती है। इनमें ट्यूबवैलों को चलाने के लिए जलदाय विभाग के ठेका कर्मचारियों के अलावा कॉलोनियों के लोगों को भी जिम्मेदारी दे रखी है।
जलदाय विभाग जेईएन कमलेश सैनी ने बताया कि बुधवार की रात अज्ञात व्यक्ति ने मेलखेड़ी रोड स्थित जलदाय विभाग की ट्यूबवैल के स्टार्टर बॉक्स का ताला तोड़ दिया। इसके बाद मोटर चालू कर दी। रात भर मोटर चलने से जल गई है। क्षेत्र में कुछ लोग निर्माण में पानी लेने के लिए ट्यूबवैलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उनकी पड़ताल की जा रही है।
बारां. स्थिति देखते हुए जेईएन।
बारां. तोड़ा गया स्टार्टर।