- Hindi News
- महीनेभर चुनाव, अब पसरी गंदगी से रुकी कॉलेज में पढ़ाई
महीनेभर चुनाव, अब पसरी गंदगी से रुकी कॉलेज में पढ़ाई
चुनाव तो खत्म हो गए, लेकिन कमरों में कचरे का जमावड़ा वहीं का वहीं
बॉयजपीजी कॉलेज में चुनाव प्रक्रिया के चलते करीब एक महीने से पढ़ाई प्रभावित रही है। अब चुनाव खत्म होने के बाद कॉलेज के कमरों में गंदगी होने से सोमवार को भी पढ़ाई नहीं हो सकी। सोमवार को पढ़ाई प्रारंभ होने की आस लेकर पहुंचे छात्र-छात्राओं को निराश लौटना पड़ा। स्टूडेंट्स ने कॉलेज परिसर की सफाई करवाकर पूर्व की तरह व्यवस्थित करने की मांग की।
जिले में पंचायतराज चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर 6 जनवरी से आठ फरवरी तक बॉयज पीजी कॉलेज प्रशासन को सौंपा गया था। यहां पंचायतराज चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव ड्यूटी में कर्मचारियों के प्रशिक्षण, ईवीएम स्ट्रांग रूम, मतगणना सहित अन्य कार्य किए गए थे। बॉयज पीजी कॉलेज में 5 फरवरी को मतगणना पूरी हो गई थी। इसके बाद जिला प्रमुख उप जिला प्रमुख के चुनाव मिनी सचिवालय एवं प्रधानों उपप्रधानों के चुनाव संबंधित पंचायत समितियों में हुए। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने पर सोमवार को कॉलेज खुला। यहां छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए पहुंचे, लेकिन कॉलेज के कमरों में गंदगी पड़ी हुई थी। किसी कमरे में भोजन के खाली पैकेट बिखरे हैं, तो किसी कमरे में ईवीएम रखने के लिए बनाए ढांचे सीमेंट रेत पड़ी हुई है। फर्नीचर भी यहां अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को वापस लौटना पड़ा। हालात यह हैं कि आगामी दो दिनों में भी स्थिति ठीक होने की उम्मीद नहीं है।
साफ व्यवस्थित करना होगा
कॉलेजके एक प्रोफेसर ने बताया कि चुनाव के बाद कॉलेज परिसर को स्वच्छ करने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। सभी कमरों की सफाई कराने के साथ फर्नीचर भी पूर्व की तरह व्यवस्थित करके देना होगा। सफाई नहीं होने तक पढ़ाई प्रभावित रहेगी। स्टूडेंट्स वापस लौट रहे हैं।
^कॉलेज परिसर को पंचायतराज चुनाव के दौरान करीब एक महीने तक उपयोग किया गया था। चुनाव संपन्न होने से प्रशासन की ओर से करीब दो दिन में सफाई फर्नीचर लगाकर कॉलेज परिसर को व्यवस्थित कर कॉलेज प्रशासन को दिया जाएगा। इसके बाद पढ़ाई सुचारु हो जाएगी। विजयराममीणा, कार्यवाहक प्राचार्य, बॉयज पीजी कॉलेज
बारां. चुनाव के समय कमरों में काउंटिंग के लिए की गई व्यवस्था का कचरा भी साफ नहीं किया गया है। इससे छात्रों में रोष है।
बारां. गंदगी साफ नहीं होने से सोमवार को कक्षों में पढ़ाई नहीं हो सकी, कमरे में अस्त-व्यस्त पड़ी टेबल स्टूल।