अतिक्रमियों की कराई फोटोग्राफी
नगर परिषद अतिक्रमण के खिलाफ कर रही है कार्रवाई
भास्करन्यूज| बारां
नगरपरिषद ने जिला अस्पताल के सामने फिर से जमे अतिक्रमियों पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया कर रही है। इसके तहत शुक्रवार को अतिक्रमियों की फोटोग्राफी करवाई गई। साथ ही नाम पते दर्ज किए गए। शहर को स्वच्छ अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद ने एक दिसंबर से अभियान चला रखा है।
इसके तहत जिला अस्पताल के सामने काबिज अतिक्रमियों को बेदखल किया गया था। बेदखल हुए अतिक्रमी कार्रवाई के बाद मिनी सचिवालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। वहां पहुंचकर कुछ नगर परिषद पार्षदों ने अतिक्रमियों को शर्तों पर फिर से जिला अस्पताल के सामने व्यवसाय करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद अतिक्रमी जिला अस्पताल के सामने फिर से कारोबार कर रहे हैं। इस संबंध में बुधवार को कलेक्टर ललित कुमार गुप्ता ने अस्पताल के सामने काबिज अतिक्रमियों के खिलाफ नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इस पर गुरुवार को नगर परिषद की टीम ने अस्पताल के सामने अतिक्रमण की गई जमीन का नाप करवाया था। वहीं शुक्रवार को अतिक्रमियों की फोटोग्राफी करवाकर नाम पते दर्ज किए गए। नगर परिषद आयुक्त बीएस शर्मा ने बताया कि जिला अस्पतात के सामने काबिज अतिक्रमियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। सड़क पर किसी को भी कारोबार की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
बारां. नगर परिषद की ओर से जिला अस्पताल के सामने काबिज अतिक्रमियों को शुक्रवार को चिन्हित किया गया।