पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नंदलाल सुमन बने बारां के पांचवें जिला प्रमुख

नंदलाल सुमन बने बारां के पांचवें जिला प्रमुख

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मिनी सचिवालय में शनिवार को वोटिंग के बाद भाजपा के नंदलाल सुमन जिला प्रमुख चुने गए। सुमन ने कांग्रेस प्रत्याशी को 5 वोटों से हराया। सुमन के निर्वाचन की घोषणा होने पर समर्थकों ने मिनी सचिवालय परिसर के बाहर आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

पंचायतराज चुनाव के तहत जिला परिषद में भाजपा के 15 और कांग्रेस के 10 सदस्य निर्वाचित हुए थे। मिनी सचिवालय के सभागार में जिला रिटर्निंग अधिकारी (कलेक्टर) ललित कुमार गुप्ता की मौजूदगी में जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए शनिवार सुबह 10 बजे बैठक प्रारंभ हुई। यहां भाजपा के नंदलाल सुमन और कांग्रेस के सिद्धार्थ नागर ने जिला प्रमुख के लिए नामांकन दाखिल किए। नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद भाजपा के सुमन कांग्रेस के नागर प्रत्याशी रहे। दोपहर बाद 3 बजे भाजपा से जिला परिषद सदस्य मिनी सचिवालय पहुंच गए थे। यहां सदस्यों को पद गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद वोटिंग हुई। शाम करीब चार बजे कांग्रेस प्रत्याशी सभागार में पहुंचे और वोट डाले।

यहां साढ़े चार बजे मतगणना के बाद नंदलाल सुमन को 5 वोट से विजयी घोषित किया गया। इसमें नंदलाल सुमन को 15 तथा सिद्धार्थ नागर को 10 वोट मिले। इस दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) नरेश मालव, जिला परिषद सीईओ शिवप्रसाद एम नकाते, विशेषाधिकारी चिमनलाल मीणा, जनसंपर्क अधिकारी मानसिंह मीणा आदि मौजूद थे। नवनिर्वाचित जिला प्रमुख सुमन के बाहर आते ही समर्थकों ने मालाएं पहनाकर स्वागत किया। वहीं मिनी सचिवालय परिसर के बाहर आतिशबाजी की गई। बारां के जिला बनने के बाद सुमन पांचवें जिला प्रमुख बने हैं।

जिले में विकास होगा प्राथमिकता: सुमन

नवनिर्वाचितजिला प्रमुख नंदलाल सुमन ने आरएसएस कार्यालय में कहा कि जिले में विकास के कार्य करवाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। जिले में विकास की गति तेज होगी। उन्होंने जिले की जनता का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत एकजुट होकर चुनाव लड़ने का ही परिणाम है कि भाजपा को जिला प्रमुख बनाने का मौका मिला। यहां पहुंचने पर उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता मौजूद थे। उनकी जीत पर शहर के प्रताप चौक, चारमूर्ति चौराहे पर आतिशबाजी कर स्वागत किया गया।

उपजिलाप्रमुख उपप्रधानों का फैसला आज

उपजिलाप्रमुख उपप्रधानों का निर्वाचन रविवार को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) ललित कुमार गुप्ता ने बताया कि उपप्रमुख का निर्वाचन मिनी सचिवालय भवन तथा उपप्रधानों का निर्वाचन संबंधित पंचायत समितियों में होगा। उन्होंने बताया कि उपप्रमुख के निर्वाचन के लिए मिनी सचिवालय के सभागार में तथा उपप्रधानों के निर्वाचन के लिए संबंधित पंचायत समितियों में सुबह 10 बजे से बैठक होगी। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत उपप्रमुख, उपप्रधान के लिए सुबह11 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों का प्रस्तुतीकरण होगा और साढ़े 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापसी होगी। इसके बाद चुनाव चिंहों का आवंटन एवं चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर तीन से पांच बजे तक होगा। मतगणना परिणाम घोषणा पांच बजे या मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी।

बारां. जिला प्रमुख बनने के बाद नंदलाल सुमन को शपथ दिलाते जिला निर्वाचन अधिकारी।

बारां. जिला प्रमुख बनने के बाद नंदलाल सुमन को बधाई देते भाजपा कार्यकर्ता।