स्वच्छ बारां में सहयोग करें व्यापारी
बारां| स्वच्छबारां, सुंदर बारां में आमजन के साथ व्यापारी भी सहयोगात्मक रूख अपनाते हुए शहर की सुंदरता में अपना योगदान करें। व्यापार महासंघ अध्यक्ष ललितमोहन खंडेलवाल, धानमंडी व्यापार संघ अध्यक्ष देवकीनंदन बंसल, किराना व्यापार संघ अध्यक्ष कैलाश गुप्ता, कपड़ा व्यापार संघ के सुरेश गोयल सहित महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गालव, महामंत्री अशोक लखारा, कमलेश गोयल, प्रकाश टोंग्या, सत्यनारायण कसेरा, मनोज मारू आदि ने शहर के व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे अपनी दुकानों के आगे सफाई को प्राथमिकता देते हुए दुकानों तथा सड़क के सामने एकत्र धूल मिट्टी को बीच सड़क पर नहीं फैलाएं।
अब नगर परिषद द्वारा घर-घर एवं दुकान-दुकान पहुंचकर कचरा एकत्र करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। अपने कचरे को एकत्र कर नगर परिषद की ओर से पहुंच रहे सफाईकर्मियों को कचरा सुपुर्द करें। आमतौर पर देखा गया है कि कई व्यापारी दुकानों के बाहर सडक पर झाडू निकालकर उस धूल मिट्टी को मुख्य मार्ग के बीचों-बीच छोड़ देते है। इससे सड़कों पर गंदगी दिखाई देती है।