- Hindi News
- शाहाबाद किशनगंज क्षेत्र में 40 एएनएम की होगी भर्ती
शाहाबाद-किशनगंज क्षेत्र में 40 एएनएम की होगी भर्ती
चिकित्साएवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (जन स्वास्थ्य) डॉ. बीआर मीणा ने रविवार को जिले का भ्रमण किया। इस दौरान कुपोषण को लेकर सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक ली।
इससे पहले सीएमएचओ के निरीक्षण में उपस्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर दो एएनएम को निलंबित किया है। नेशनल हेल्थ मिशन से शाहाबाद किशनगंज क्षेत्र में अतिरिक्त 40 एएनएम लगाने को स्वीकृति मिल गई है।
सीएमएचओ डॉ. ओपी वर्मा ने बताया कि निदेशक डॉ. मीणा ने कोटा के रामपुरा और कैथून से दो शिशु रोग विशेषज्ञों को शाहाबाद अस्पताल में ड्यूटी देने के निर्देश दिए। इसके अलावा समरानियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से दो डॉक्टरों को शाहाबाद अस्पताल में स्थाई रूप से लगाया है।
वहीं जिला अस्पताल से डॉ. रविप्रकाश मीणा को केलवाड़ा अस्पताल में लगाया गया है। डॉ. वर्मा ने बताया कि जिले के शाहाबाद किशनगंज क्षेत्र के लिए 40 अतिरिक्त एएनएम लगाने की स्वीकृति नेशनल हेल्थ मिशन से प्रदान की गई है। इनके लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र नियुक्ति दी जाएगी। नवनियुक्त एएनएम को शाहाबाद किशनगंज क्षेत्र के रिक्त उपस्वास्थ्य केंद्रों पर लगाया जाएगा। डॉ. वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को किशनगंज ब्लॉक के करवरी कलां, करवरी खुर्द, छीनेाद, सौभागपुरा, सुवांस, रेलावन, रामगढ़ क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान करवरी खुर्द तथा सुवांस के उप स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से बंद मिले।
इस पर दो एएनएम को निलंबित किया है। साथ ही ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. ओपी नागर को फटकार लगाई और क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. वर्मा ने बताया कि शनिवार को अंता ब्लॉक के मांगरोल, सीसवाली, अंता, मिर्जापुर सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान अंता मांगरोल सीएचसी में अव्यवस्था मिलने पर अस्पताल प्रभारियों को फटकार लगाई।
साथ सात दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एनएचएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक जिला आशा समंवयक भी साथ रहे।