- Hindi News
- कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
बांसथूनीस्कूल के सहरिया छात्र आत्महत्या प्रकरण में शिक्षक मुकुटबिहारी सेन की गिरफ्तारी के विरोध में शिक्षा विभाग कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले राज्य के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के नाम कलेक्टर, एसपी को ज्ञापन सौपा गया।
संयुक्त संघर्ष के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी संयोजक कैलाश शर्मा, सहसंयोजक चरतराम मीणा के नेतृत्व में स्टेशन रोड स्थित सीनियर स्कूल से दोपहिया वाहन से मिनी सचिवालय पहुंचकर कलेक्टर एसपी को इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग का ज्ञापन सौंपा। संयोजक कैलाश शर्मा ने कहा कि इस घटना के बाद से शिक्षक समुदाय भयभीत है।
उन्होंने कहा कि स्कूल परिणाम कम रहता है तो विभाग से शिक्षकों को नोटिस मिलता है। अगर बालकों को पढ़ने के लिए दबाव बनाए तो बांसथूनी जैसी घटना सामने आने का डर रहता है।
सहसंयोजक चरतराम मीणा ने कहा कि शिक्षक सेन ने पिछले कई वर्षों से परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट दिया। संयुक्त समिति के सदस्य भूपेंद्र नागर हरिमोहन गालव ने कहा कि शिक्षक सेन निर्दोष है। उन्हें फंसाया जा रहा है।
इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि यह तो संघर्ष समिति का प्रथम चरण का आंदोलन था। शाीघ्र ही द्धितीय चरण के जिलास्तरीय आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में प्रदीप तंवर, रामप्रसाद, आचार्य भागचंद नागर, हरिप्रकाश मीणा, कमल यादव, भवानीशंकर नागर, हरलाल मीणा, चन्द्रेशे शर्मा, छीतरलाल गोचर, चन्द्रप्रकाश मेहता, श्याम गौतम, शिवकुमार आदि मौजूद थे।