चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाएं
कस्बेके बारां रोड़ सोनीपुरा टापरा पर स्थित चारागाह भूमि पर से अतिक्रमण हटाने और उस भूमि के चारों ओर पत्थरों का कोट करवाने को लेकर विहिप गौरक्षा समिति के कार्यकर्ताओं ने उपतहसील में पहुंच कर ज्ञापन दिया।
प्रखण्ड गौरक्षा प्रमुख मदनलाल शर्मा, मांगीलाल नागर, नारोत्तम दास, भगवानलाल शर्मा ने ज्ञापन में बताया कि सोनीपुरा टापरा पर लगभग 300 बीघा चारागाह भूमि है। इस पर से अतिक्रमण हटाने की मांग करने पर फरवरी माह में तहसील प्रशासन ग्राम पंचायत की ओर से अतिक्रमण हटाया गया था। उस भूमि को संरक्षित करने के लिए कार्यकर्ताओं ने पत्थरों का कोट करवाने के लिए भी प्रशासन से मांग की थी। इस पर तहसील प्रशासन ने कोट करवाने के निर्देश दिए थे। पंचायत की ओर से कोट भी करवाया गया, लेकिन अधूरा ही छोड़ दिया गया। ऐसे में कलेक्टर से कोट करवाने की मांग करने पर उन्होंने नरेगा के तहत कोट करवाने की स्वीकृति दी, लेकिन पंचायत प्रशासन की ओर से भूमि को सुरक्षित करने के लिए कोई पहल नही की। जिससे सभी कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। उन्होने बताया कि चारागाह भूमि पर फिर से मकान कनने लगे है। और अतिक्रमी हंकाई करके उसमें फसल की बुवाई कर सकते है। ऐसे में विहिप, गौरक्षा समिति के सभी कार्यकर्ताओं ने चारागाह भूमि पर से अतिक्रमण हटाने और उसके चारों ओर पत्थरों को कोट करके चारदीवारी करने की मांग की है।