साढ़े तीन हजार मीट्रिक टन मिला यूरिया
जिलेमें शनिवार को तीन हजार चार सौ मीट्रिक टन यूरिया की सप्लाई पहुंची है। कृषि विभाग उपनिदेशक डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि रबी फसल के लिए अक्टूबर में 11 हजार पांच सौ टन यूरिया का आवंटन था। इसके मुकाबले 12 हजार 667 टन यूरिया पहुंचा हैं। इसी प्रकार नवंबर में 12 हजार 750 टन यूरिया का आवंटन निर्धारित था। इसके मुकाबले 18 हजार 298 टन यूरिया का वितरण किया गया है। वहीं दिसंबर में 12 हजार 80 टन का आवंटन था। इसमें से पांच हजार 843 टन यूरिया की आपूर्ति की गई है। अब तक कुल 36 हजार 808 टन यूरिया की सप्लाई हुई है। इसमें इफको, कृभको, आईपीएल, आरसीएफ, सीएफसीएल, श्रीराम, एनएफएल नार्गाजुन यूरिया जिले में पहुंचा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को सीएफसीएल गढ़ेपान से दो हजार पांच सौ टन और एनएफएल से 900 मीट्रिक टन यूरिया पहुंचा है। वहीं रविवार को आईपीएल से 800 टन और नार्गाजुना से तीन हजार टन यूरिया पहुंचेगा।
इसके अलावा 15 दिसंबर को आईपीएल से तीन हजार दो सौ टन यूरिया जिले को मिलेगा। डॉ. सिंह ने बताया कि सीएफसीएल श्रीराम से भी यूरिया सड़क मार्ग से पहुंच रहा है। इनसे एक हजार टन यूरिया 3-4 दिन में मिलेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 3-4 दिन में दो लाख 28 हजार कट्टे यूरिया की आपूर्ति बारां को होगी। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि जरुरत के हिसाब से यूरिया का उपयोग करें और यूरिया का अनावश्यक खरीदी कर भंडारण नहीं करें।