गफलत में बालिका ने निगला पिन
कुंजेड़| स्वाइनफ्लू से बचाव के लिए स्कूलों में बच्चे मॉस्क लगाकर जा रहे हैं। करीब तीन दिन पहले एक बालिका मॉस्क में लगा पिन निगल गई। हालांकि दवाइयां देने के बाद पिन शौच के दौरान बाहर गया। इससे परिजनों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासी सात वर्षीय जिया पुत्री बद्रीलाल गुर्जर ने स्कूल से लौटते समय मॉस्क में लगा पिन निगल लिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने बारां अस्पताल में दिखाया। वहां एक्स-रे में बालिका के पेट में पिन दिखाई दिया। डॉक्टरों ने दवाइयां दी और कहा कि पिन शौच के दौरान बाहर निकल सकता है। ऐसा नहीं होने पर ऑपरेशन करना पड़ेगा। ऐसे में परिजन चिंतित थे। बालिका के पेट से पिन बाहर आने से परिजनों ने राहत महसूस की है।