जनसुनवाई में 4 प्रकरणों का निस्तारण
बारां| मिनीसचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क आईटी केंद्र पर गुरुवार को सुबह 10 बजे से कलेक्टर ललित कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में जन सुनवाई की गई। कलेक्टर गुप्ता ने जनसुनवाई में राजस्थान संपर्क, सुगम समाधान पर लंबित प्रकरणों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई तथा राजस्थान संपर्क मे दर्ज प्रकरणों के निस्तारण के लिए जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में निस्तारण के लिए 15 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 11 प्रकरणों को संपर्क पोर्टल में दर्ज किया गया। एडीएम नरेश मालव ने जनसुनवाई में आई अंता निवासी विधवा महिला के मामले में समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक को शीघ्र पालनहार योजना के अंतर्गत नाम जोडऩे के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सत्येंद्र सिंह, जिला परिषद सीईओ शिव प्रसाद एम नकाते, एसडीएम ओम अग्रवाल सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।