यूरिया लेने के लिए लगी रही कतारें
बारां. शहरसमेत जिलेभर में यूरिया की डिमांड बढ़ गई है। शुक्रवार शनिवार को मावठ गिरने के बाद रविवार को किसानों ने खेतों पर पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी। वहीं सहकारी समिति, निजी दुकानों पर यूरिया लेने के लिए किसानों की कतारें लगी रही। शुक्रवार शनिवार को मावठ गिरने से खेतों में सिंचाई की आवश्यकता लगभग पूरी हो गई है। अब किसानों को गेहूं, सरसों, धनिया आदि फसलों में यूरिया की आवश्यकता है। ऐसे में किसान सहकारी समिति, निजी दुकानों पर पहुंचकर यूरिया की व्यवस्था में जुट गए हैं। शहर में अटरू रोड स्थित मार्केटिंग कॉपरेटिव सोसायटी पर यूरिया लेने के लिए सुबह से ही किसानों की भीड़ रही। यहां किसानों ने कतारों में लगकर बिल कटवाए। इसके बाद गोदाम से यूरिया खाद लिया। हालांकि 5-5 कट्टे यूरिया देने से किसानों की डिमांड पूरी नहीं हो रही है। ऐसे में किसानों को हर दिन यूरिया के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। कृषि विभाग अधिकारियों के अनुसार जिले में यूरिया खाद की पर्याप्त खेप पहुंच गई है। सहकारी समिति प्राइवेट दुकानों से यूरिया का वितरण किया जा रहा है। कृषि उपनिदेशक डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि जिले में सेामवार को सहकारी निजी क्षेत्र के विक्रेताओं के पास 50 हजार 900 कट्टे, एनएफ.एल से 14 हजार 320 कट्टे आईपीएल कंपनी के 11 हजार 880 कट्टे वितरित किए जाएंगे। यूरिया का वितरण प्रशासन, पुलिस कृषि विभाग कार्मिको की निगरानी में सोमवार को किया जाएगा। वहीं रविवार रात को नार्गाजुना फर्टिलाइजर्स की रैक रही है। इससे जिले को 28 हजार 500 कट्टे यूरिया सोमवार को मिलेंगे। डॉ. सिंह ने किसानों को उपलब्धता के अनुसार यूरिया खरीदने की सलाह दी है।