ग्राम पंचायतों अटल सेवा केंद्रों पर आज से शिविर
बारांकेंद्रीय सहकारी बैंक लि. की ओर से 15 फरवरी से 15 मार्च तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों अटल सेवा केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे।
राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे मनरेगा, पेंशन, स्कॉलरशिप, भामाशाह एवं जननी सुरक्षा योजना, आपदा राहत के खाते, केसीसीधारक कृषकों के नए खाते खोलने पूर्व में खोले गए खातों में केवाईसी पूर्ण किए जाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रबंध निदेशक ने बताया कि ग्राहक का खाता बैंक की शाखा में खुलने से विभिन्न योजनाओं एवं नकद हस्तांतरण योजनाओं की राशि सीधे ग्राहक के खाते में जमा हो सकेगी। बैंक के बैकिंग संवादकर्ता के माध्यम से इन योजनाओं का भुगतान भी ग्राहकों को अपने ग्रामस्तर पर प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार प्रत्येक बैंक खाते की केवाईसी आवश्यक है। इसके बिना ग्राहक बैंक की सुविधाओं का लाभ नहीं ले सकते हैं।
ग्राहक शाखा में अपने खाते के पहचान संबंधित दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। इससे ग्राहकों के खाते की केवाईसी पूरी हो जाएगी और वे बिना व्यवधान, राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सभी नकद हस्तांतरण योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि बारां केंद्रीय सहकारी बैंक की ओर से रूपे डेबिट कार्ड (एटीएम) का भी वितरण किया जा रहा है। इन शिविरों में आवश्यक दस्तावेज जमा करवाकर रूपे डेबिट कार्ड भी प्राप्त कर सकते हैं।