- Hindi News
- रैफर करने की मांग को लेकर अस्पताल में तोड़फोड़
रैफर करने की मांग को लेकर अस्पताल में तोड़फोड़
सोमवार को बराना के पास बाइक दुर्घटना में तीन जने हुए घायल
भास्करन्यूज| बारां
शहरके समीप बराना के पास सोमवार शाम वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन जने घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां घायल को रैफर करने की मांग को लेकर एक जने ने अस्पताल के इमरजेंसी ऑपरेटिव वार्ड के दरवाजे का कांच तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार शहर के चरीघाट रोड क्षेत्र निवासी गिरीश (25) पुत्र नंदलाल यादव, मोड़क निवासी विपिन उर्फ विष्णु (25) पुत्र कैलाश यादव एक अन्य बाइक से जा रहे थे। बराना के पास शाम 6 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां विपिन की हालत गंभीर होने से उसे इमरजेंसी ऑपरेटिव वार्ड में भर्ती किया गया। यहां डॉक्टर उसका उपचार कर रहे थे। इस दौरान अस्पताल में भीड़ हो गई। घायल विपिन को कोटा रैफर करने की बात कहकर एक जने ने गुस्से में इमरजेंसी ऑपरेटिव वार्ड के कांच के गेट पर पैर से प्रहार कर दिया। इससे गेट का कांच टूट गया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने विपिन को कोटा रैफर कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यहां डॉक्टर नर्सिंग स्टाफ के बयान लिए। विपिन के साथ आरोपी को भी एंबुलेंस में बैठकर कोटा जाने की जानकारी दी गई। इस पर पुलिस ने अंता थाने में सूचना भेज दी है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। वहीं घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
बारां. जिला अस्पताल में इमरजेंसी ओपरेटिव वार्ड का टूटा कांच।
बारां। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती दुर्घटना में घायल।