बिजली कटी तो स्टोन इकाइयों पर लटके ताले
गैंगसायूनिट संचालकों को प्रदूषण की एनओसी नहीं मिलने की वजह से विद्युत निगम ने डेढ़ दर्जन से अधिक गैंगसा यूनिटों की बिजली काट दी है। इससे यूनिटों पर ताला लटक गया है। वहीं पत्थर व्यापारियों के साथ ही यहां काम करने वाले मजदूरों की रोजी रोटी पर संकट के बादल मंडराने लगे है।
बीते एक माह से बाड़ी से सरमथुरा राजमार्ग स्थित स्टोन गैंगसा यूनिटों की बिजली गुल है। विद्युत निगम ने यूनिट संचालकों के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी नहीं होने की वजह से कनेक्शन काट दिया है। पहले से माइन्स वन विभाग इन यूनिटों की जांच पड़ताल में सख्ती बरत रहा है। ऐसे में विद्युत निगम की इस कार्रवाई ने संचालकों की कमर तोड़ दी है। संचालकों के मुताबिक आरएफसी से करोड़ों रुपए का लोन है। अब इकाइयां बंद होने पर ब्याज ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी हैं। ऐसे में पत्थर व्यवसायियों के समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। पत्थर व्यवसायियों का कहना है कि प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड में फाइल कम्पलीट कर जमा कराने के बावजूद अधिकारी बाबू बेवजह चक्कर लगवा रहे हैं। यदि प्रदूषण विभाग ने शीघ्र ही इसका समाधान नहींं निकाला तो निश्चित तौर पर सभी स्टोन इकाइयों के संचालक मुख्यमंत्री हाउस के समक्ष प्रस्तुत होकर धरना प्रदर्शन करेंगे।
मानसिक आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं व्यापारी
जिलाध्यक्षस्टोन एसोसिएशन मुन्नालाल मंगल का कहना है कि डेढ़ दर्जन स्टोन गैंगसा के विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है। इससे इन इकाइयों पर ताला डल गया है। क्षेत्र में पूर्ण रूपेण अंधकार होने से गैंगसा के इर्द गिर्द असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हो जाता है। जिससे कभी भी चोरी अनहोनी घटना हो सकती है। प्रदूषण विभाग ने शीघ्र एनओसी जारी नही की तो व्यापारी मजदूर वर्ग सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
बाड़ी. बिजली कटने से बंद पड़ी स्टोन इकाई।