पहली बार बनी मीणा समाज की प्रधान
बाड़ी | आजादीके 65 वर्ष बाद पंचायत समिति बाडी में प्रधान पद मीणा समुदाय के पक्ष में गया। निर्वाचित प्रधान पूजा मीणा प्रमुख पत्थर व्यवसायी मोतीलाल मीणा की नजदीकी रिश्तेदार हैं तथा पूजा को प्रधान बनाने में क्षेत्रीय विधायक की राजनैतिक सूझबूझ भी सामने आई है। बाड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में गुर्जर राजपूत तथा कुशवाह समाज का बाहुल्य है। अब तक इस पंचायत समिति के प्रधान पद पर गुर्जर समाज हावी रहा है। इसीलिए विधानसभा चुनावों में भाजपा अक्सर गुर्जर तथा कुशवाह समाज के व्यक्ति को चुनाव मैदान में उतारती रही है। इसी कारण इन दोनों समाजों में कांग्रेस की विचारधारा प्रभावित नहीं करती है। बीते विधानसभा चुनावों में भले ही राज्य में भाजपा की लहर चली, लेकिन बाडी क्षेत्र में कांग्रेस का दबदबा जारी रहा। इन चुनावों ने कांग्रेस के पक्ष में वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभाई है। तथा मीणा समाज में भी कांग्रेस का वोट बैंक भी मजबूत हुआ है।