- Hindi News
- खनन क्षेत्र में बढ़ रहे हैं टीवी के रोगी
खनन क्षेत्र में बढ़ रहे हैं टीवी के रोगी
बाड़ी. खननक्षेत्र में टीवी की बीमारी तेजी से फैल रही है। खासतौर पर बरौली का पुरा में खांसी टीबी एवं सिलिकोसिस जैसी कई अन्य बीमारियों के रोगी बढ़े है। इन बीमारियों के चलते गांव में मुखिया विहीन परिवारों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।
टीवी एवं सिलिकोसिस के कारण ज्यादातर पुरुष 50 साल की आयु बड़ी मुश्किल से पूरी कर पा रहे है। 480 मतदाताओं वाले इस गांव में पुरुष मतदाताओं की संख्या इस समय मात्र 110 बची है। कुछ यही स्थिति आसपास के गांवों कसौटी खेडा, खानपुर मीणा की जाटव बस्ती, सुनीपुर, सहेड़ी, बसेड़ी तहसील के गांव खरगापुर, जाटव बस्ती एवं झिरी गांव की भी है। बावजूद इसके प्रशासनिक विभाग के अधिकारी इन गांवों में बीमारी की रोकथाम की ओर ध्यान नहीं दे रहे है। इन गांवों में टीवी उन्मूलन के राष्ट्रीय कार्यक्रमों का भी कोई खास असर नहीं हो रहा है।
बरौली का पुरा में 200 घरों की बस्ती है। इन घरों में रोजगार का एक मात्र साधन खनन कार्य है। खनन के दौरान उड़ने वाली धूल ही इनकी बीमारी की वजह बनती है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में 90 फीसदी रोगी टीवी के है। ब्लाक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ड़ाॅ. साहू के मुताबिक पत्थर की धूल से क्षय रोग के साथ ही सिलिकोसिस बीमारी लोगों को चपेट मे ले रही है। इस धूल के कारण मजदूरों के फेफड़े में संक्रमण हो रहा है। कई बार ऐसी स्थिति में फेफड़े काम करना बंद कर देते है।