- Hindi News
- मकानों के ऊपर गुजर रही बिजली लाइन से खतरा
मकानों के ऊपर गुजर रही बिजली लाइन से खतरा
बाड़ीमार्ग पर बसे गांव नगला किलेदार के ग्रामीण मकानों की छतों से गुजर रही हाई वाेल्टेज लाइन को लेकर खौफ में जीने को मजबूर है। मकानों के ऊपर साक्षात मंडराती मौत ने उनकी जिंदगी को सीमित कर दिया है। स्थिति यह है कि वर्षों से लोग मकानों की छतों पर आना जाना बंद है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ध्यान चूक जाने पर लोगों के साथ जानलेवा हादसे घट चुके हैं। साथ ही कच्चे एवं पक्के मकानों में आगजनी की घटनाएं घट चुकी है। उसके बावजूद डिस्काॅम अधिकारी बिजली लाइन की शिफ्टिंग को लेकर लापरवाही दिखा रहे हैं। ग्रामीण कुमरसैन जाटव, पूरन जाटव, केशुन सिंह जाट आदि ने बताया कि जाटव बस्ती के करीब डेढ़ दर्जन मकानों के ऊपर 11 केवी वोल्टेज की लाइन गुजर रही है। जिसके चलते बस्ती वासियों को कई बार जानमाल का जोखिम झेलना पडा है। बस्ती वासियोें ने सिर पर मंडराते जानलेवा खतरे से बचने के लिए डिस्काॅम से लेकर उपखंड एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को जन सुनवाई शिविरों में बिजली लाइन की शिफ्टिंग को लेकर कई बार शिकायतें दी हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है।
पाठशालाके ऊपर से बिजली लाइन नहीं हटाई
सैंपऊके महादेव की प्राथमिक पाठशाला के ऊपर से निकली 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की शिफ्टिंग को लेकर भी डिस्काॅम का रवैया गैर जिम्मेदाराना है। वर्षों से लाईन को हटाने की कवायद ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। लेकिन सफलता हासिल नहीं हुई है। लाइन के कक्षा कक्षों से लेकर पाठशाला प्रांगण से गुजरने के कारण हादसे की आशंका और भी अधिक बनी हुई है। लाइन की शिफ्टिंग को लेकर स्कूल प्रशासन एवं अभिभावकों की ओर से हर बार किसी किसी समस्या समाधान शिविर में शिकायत दर्ज कराई जाती है। लेकिन बात शिफ्टिंग चार्ज पर आकर ठहर जाती है। ग्रामीण रामस्वरूप गोस्वामी, केशव गोस्वामी आदि ने बताया कि पाठशाला के ऊपर बिजली की लाइन में आए दिन फॉल्ट एवं ट्रिपिंग से चिंगारी आदि निकलती रहती है। जिससे बच्चों में हादसे का डर बना रहता है। कई बार तो लाइन टूटती रहती है। पिछले दिनों बगीची के पास लाइन के टूटने से हादसा होने से टल गया।
सैंपऊ. गांव नगला किलेदार के मकानों के ऊपर से गुजरती लाइन।