किसानों के अनुदान में घपले का आरोप
ग्रामपंचायत कगाऊ के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम सेवा सहकारी समिति खुडासा में किसानों के कृषि अनुदान में घपले का आरोप लगाते हुए जांच की मांग रखी। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समिति खुडासा के व्यवस्थापक ने कृषि अनुदान राशि का अभी तक भुगतान नहीं किया है। तहसील कार्यालय से अनुदान स्वीकृत होने के बावजूद व्यवस्थापक किसानों को अनुदान राशि नहीं दे रहा है। बैंक डायरिया में एंट्री नहीं की जा रही है। प्रत्येक किसान के नाम से तीन हजार का अनुदान स्वीकृत है, लेकिन व्यवस्थापक दो हजार रुपए दे रहा है। एक हजार रुपए प्रति किसान गबन किया है। इस मामले की जांच कर व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण मूलाराम, धर्माराम, पूर्व सरपंच हस्तीमल, उदाराम, सताराम, चेनाराम, लाखाराम, बाबूलाल, करनसिंह, धनाराम, ठाकरसिंह, जुंझाराम समेत बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद थे।