- Hindi News
- महिला अधिकारों के प्रति संवेदनशील होना जरूरी : एटूरू
महिला अधिकारों के प्रति संवेदनशील होना जरूरी : एटूरू
महिलाअधिकारिता विभाग द्वारा शुक्रवार को महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं एवं अधिनियमों के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्ट्रेट में कार्यशाला का आयोजन हुआ। नेहरू नवयुवक मंडल कश्मीर के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर भानुप्रकाश एटूरू ने की।
कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति संवेदनशील होने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक करना पड़ेगा। घरेलू हिंसा एक सामाजिक समस्या बन चुकी है, इसे दूर करना होगा एवं कानून का सही उपयोग करना होगा।
एसपी हेमन्त शर्मा ने कहा कि दो दशकों से महिला की सुरक्षा के प्रति सजग होना जरूरी है। सामान्य प्रकृति के झगड़ों को समझाइश के द्वारा निपटाया जा सकता है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि महिला कानून की जानकारी होना आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करना होगा।
उपनिदेशक सती चौधरी ने महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र नियम एवं अनुदान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। जिले में अब तक 493 महिलाओं के प्रकरण उक्त केन्द्र में दर्ज है जिनमें 463 का निस्तारण किया गया 30 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
एपीपी विनीता सोलंकी ने घरेलू हिंसा अधिनियम, हिंसा का प्रकार उसके कानूनी प्रावधानों के बारे बताया। थानाधिकारी, महिला थाना अनिता रानी ने कानून के व्यवहारिक पक्ष की जानकारी दी। कार्यशाला में एसपी हेमन्त शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद राजेन्द्र मिश्रा, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग सती चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।