मूल्यों से मानकता आती है : गुप्ता
बाड़मेर. जीवनमूल्यों को अपनाने मूल्यों से युक्त होने पर व्यक्ति समाज में विश्वसनीय मानक बन जाता है। शाश्वत जीवन मूल्यों से ही समाज मेें नैतिकता स्थापित हो सकती है। ये विचार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय भाषण प्रतियोगिता, शाश्वत जीवन मूल्यों का पाठयक्रम में समावेश विषयक के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पुखराज गुप्ता ने व्यक्त किए। कार्यक्रम में छात्रसंघ अध्यक्ष नरपतराज मूढ़ ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन मूल्यों को पाठयक्रम में समाविष्ट करने पर समाज का उत्थान होगा। अध्यक्षीय उदबोधन में प्राचार्य डॉ. विमला आर्य ने कहा कि परिवर्तनशील समाज में गिरते हुए नैतिक स्तर शर्मसार करने वाली घटनाओं को देखते हुए शाश्वत जीवन मूल्यों को विद्यार्थी पठन-पाठन करेगा तो उसका जीवन परिष्कृत होगा सदाचारयुक्त आचरण करेगा। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय सीकर के कार्तिकेय शर्मा प्रथम, राजकीय महाविद्यालय बाड़मेर के पाबूराम देवासी द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय जोधपुर के पवन कुमार सोनी तृतीय रहे। निर्णायक की भूमिका महिला महाविद्यालय के मुकेश पचौरी तथा महाविद्यालय की डॉ. ललिता मेहता ने निभाई। सत्र का संचालन कार्यक्रम अधिकारी सोहनराज परमार ने किया। कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार गढ़वीर सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे। इससे पूर्व मानवधिकार सप्ताह के अंतिम दिन प्राचार्य डॉ.विमला आर्य ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों विद्यार्थियों को मानवधिकार की शपथ दिला कर मानवधिकाराें से परिचित कराया।