राइका सम्मेलन में प्रतिभाएं सम्मानित
भलखाड़ीगांव में स्थित जेतेश्वर धाम में राइका समाज का सर्व जातीय सम्मेलन रविवार को आयोजित हुआ। सम्मेलन में बाड़मेर-जालोर जिले के राइका समाज बंधुओं ने भाग लिया। इस दौरान जेतेश्वर मंदिर निर्माण का निर्णय लिया गया। वहीं समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं मंदिर निर्माण के साथ यज्ञशाला, गोशाला पाठशाला खोलने की भी रणनीति तैयार की। मठ के तीर्थ गिरी महाराज ने कहा कि शिक्षा के बिना कोई समाज प्रगति नहीं कर सकता है। आज के युग में शिक्षा के बिना समाज अधूरा है। हमें भी अपने बेटे-बेटियों को स्कूल भेजने की परंपरा डालनी होगी। इसके लिए समाज में जागरूकता की जरूरी है। युवाओं को इस और जागरूकता का संदेश देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि राइका समाज का एकमात्र जेतेश्वर मंदिर का निर्माण एकता का परिचय है। राइका समाज पशुपालन पर निर्भर है। अब बदलाव की जरूरत है। समय के साथ समाज को भी बदलना होगा। युवाओं को बेहतर शिक्षा से जोड़ना होगा। इस अवसर पर लेठा महंत रणछोड़ भारती, नारायणपुरी, देवाराम समेत कई महंत एवं संत उपस्थित थे। इनके अलावा पूर्व मंत्री खेताराम देवासी, खेमराज देसाई, आरक्षण मंच के मेहराराम राइका, हनुमानराम, सुरताराम, बालाराम बायतु, उत्तमाराम, नवलाराम, शंकराराम सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। जिलाध्यक्ष अमराराम सराणा ने समाज बंधुओं से मंदिर सहयोग की अपील की।
सिणधरी. राईका समाज के सम्मेलन में मंचासीन अतिथि और सम्मेलन में उपस्थित लोग।