- Hindi News
- हादसे में दो युवकों की मौत, 12 घंटे बाद उठाए शव
हादसे में दो युवकों की मौत, 12 घंटे बाद उठाए शव
राष्ट्रीय राजमार्ग न. 15 पर सांसियों का तला के पास तेल खोज के लिए ड्रिलिंग करने वाली मशीन की ट्रेलर गाड़ी की टक्कर से बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे हुए हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे जाम किया। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश कर आधे घंटे बाद जाम हटाया। परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और वहीं धरना देकर बैठ गए। इस बीच समझाइश के दौर चलते रहे, लेकिन लोग नहीं माने। अंत में पुलिस ने शाम आठ बजे अपने स्तर पर शवों को उठाया और मौर्चरी में पहुंचाया। इस बीच कंपनी के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और मृतकों के परिजनों के बीच डाक बंगले में वार्ता का दौर देर तक जारी रहा। लेकिन वार्ता बेनतीजा रही।
हादसे की सूचना के बाद परिजनों के साथ पहुंचे ग्रामीणों के प्रदर्शन से एकबारगी माहौल गरमा गया। लोगों ने सड़क पत्थर लगाकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना मिलने पर अफसर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश करने में जुटे। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार कुर्जा गांव निवासी मुकनाराम (21) पुत्र रामाराम जाट खेताराम (26) पुत्र देदाराम भील बाइक पर सवार होकर बाड़मेर रहे थे। इस दौरान सांसियों का तला के पास सामने से रहे ट्रेलर ने कुचल दिया। दोनों युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गई। इस दौरान ट्रेलर चालक भाग गया। ट्रेलर बाड़मेर से गुड़ामालानी की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन आसपास के गांवों से बड़ी तादाद में ग्रामीण पहुंच गए। शव उठाने से इनकार करते हुए प्रदर्शन शुरू किया। परिजन केयर्न कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। हालांकि ड्रिलिंग मशीन वाली ट्रेलर जॉन एनर्जी नामक कंपनी की है, जो केयर्न में ठेकेदार के तौर पर काम करती है। प्रशासन ने दोपहर तक सुलह के प्रयास किए, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण नहीं माने। पुलिस ने एहतियात के तौर पर विशेष जाप्ता बुलाया। एएसपी रघुनाथ गर्ग, डीएसपी ओमप्रकाश उज्जवल, भूमि अवाप्ति अधिकारी नखतदान बारहठ, सदर थानाधिकारी आनंद सिंह समेत महिला थाना, कोतवाली, ग्रामीण थानाधिकारी मय टीम मौके पर पहुंचे। उधर जोन एनर्जी ने भी पुलिस में किसी छोटी गाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कराने के संकेत दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। इसके बाद मोटरसाइकिल ट्रेलर से टकराई और दोनों युवक चपेट में गए।
दोसाल पहले