बाड़मेर। बाड़मेर शहर के वार्ड 12 के हमीरपुरा में पीएचईडी की ओर से लोगों के घरों में गटर के गंदे पानी की सप्लाई दी जा रही है। इससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। गुरुवार को लोगों ने पीएचईडी के खिलाफ रोष जताया। लोगों का आरोप है कि पिछले 15-20 दिनों से करीब एक दर्जन घरों में गटर का बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। इसको लेकर कई बार शिकायतें की,लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
एक तरफ स्वाइन फ्लू का प्रकोप है, लेकिन बाड़मेर में इसका असर नगर परिषद और पीएचईडी पर नहीं पड़ रहा है। इसका उदाहरण हमीरपुरा के वार्ड 12 में लोगों के घरों में सप्लाई हो रहे गटर के गंदे पानी को देख लगाया जा सकता है।
बुधवार को जब पीएचईडी की ओर से पानी की सप्लाई शुरू हुई तो बदबूदार गंदा पानी आया। लोगों के घरों में बने टांकों में जो स्वच्छ पानी था, वो भी गंदा हो गया। शाम तक तो लोग टांकों को मशीनों से खाली करने में लगे रहे। गटर के गंदा पानी पीने से कई बीमारियां पनप सकती है।