अवैध खनन रोकने की मांग
बाड़मेर. कोसरियागांव के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर मधुसूदन शर्मा को ज्ञापन सौंप सरकारी ओरण गोचर भूमि से अवैध खनन, जिप्सम खनन कर्ताओं की आवंटन लीज को निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बायतु तहसील के कोसरिया पंचायत में सरकारी ओरण गोचर भूमि 12 सौ बीघा से अधिक है। सरकारी जमीन पर चार-पांच गांवों के पशु चरने के लिए आते हैं। लीज धारक सरकारी ओरण भूमि पर अवैध खनन कर अपूरणीय क्षति पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने ज्ञापन में चेताया कि समय रहते अगर कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरन आंदोलन किया जाएगा।