नागरिक विकास समिति की बैठक आयोजित
बसेड़ी. नागरिकविकास समिति की बैठक सोमवार को गिरधर लाल वर्मा के आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता बीके गर्ग ने की। इसमें कस्बे की समस्याओं के संबंध में चर्चा हुई।
बैठक में सदस्यों ने बताया कि पूर्व में कई बार ज्ञापन दिए जाने के बाद प्रशासन ने समस्याओं के निस्तारण के लिए थोड़ी बहुत कवायद तो की। बावजूद इसके बसेड़ी में एमजेएम कोर्ट, बसेड़ी से भरतपुर आगरा के लिए रोडवेज बस चलाने, गंदे पानी की निकासी हेतु ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था, सार्वजनिक पुस्तकालय खुलवाने, आवारा पशुओं को पकड़ने, समस्त उपखंड स्तरीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर कार्यालय के समक्ष लिखवाने, कस्बे में ट्रेफिक पुलिस की तैनाती करने बसेड़ी तिमासिया ग्राम पंचायत को मिलाकर नगरपालिका घोषित करने सहित कई मांगों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इस संबंध में सदस्यों ने रोष प्रकट करते हुए एसडीएम, कलेक्टर, विधायक, सांसद को ज्ञापन सौंपने का निर्णय किया। बैठक में होतीराम नागर, सुखराम सिंह परमार, गिरधरलाल वर्मा, राजबहादुर चौहान, विनोद गर्ग आदि मौजूद थे।