डीएम ने बिडयारी को बताया ओडीएफ, ग्रामीणों का इंकार
ग्रामपंचायत बिडयारी बयाना ब्लॉक की खुले में शौच से मुक्त (ओडी एफ) होने वाली पहली ग्राम पंचायत बन गई है। मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में जिला कलेक्टर रवि जैन ने ग्राम पंचायत के खुले में शौच से मुक्त होने की घोषणा की। हालांकि समारोह के दौरान ही कुछ ग्रामीणों ने पूरी तरह से सभी जगह शौचालय नहीं बनने की बात कहते हुए ओडी एफ करने की घोषणा पर सवाल खड़े किए।
लोगों की आपत्ति के बाद जिला कलेक्टर ने उनका समाधान कराए जाने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने लोगों की शिकायत पर एसडीएम एवं बीडीओ को तीन दिवस के अंदर सभी ग्राम पंचायतों के अटल सेवा केन्द्रों सहित गांव में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों में शौचालय निर्माण शुरु कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक बच्चूसिंह बंशीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता एक दूसरे के पूरक हैं। इसके अलावा अन्य वक्ताओं ने खुले में शौच जाने से होने वाले नुकसानों की जानकारी दी। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ लालाराम गूगरवाल, एसडीएम नरेन्द्र वर्मा, कृषि मंडी चेयरमैन देवीसिंह बुढ़वार, पूर्व प्रधान महेन्द्र तिवारी, भाजपा नेता धर्मसिंह चौधरी, पालिका उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को आवेदन दिए। इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
टीके रखने की नवीन तकनीकि का दिया प्रशिक्षण
भरतपुर| नवजातशिशुओं को लगाए जाने वाले जीवन रक्षक टीकाकरण के लिए रियल टाईम टेम्प्रेचर एवं स्टाक की जानकारी मोबाइल के माध्यम से अपडेट करने के लिए जिले के कोल्ड चैन संचालकों का एक दिवसीय ई-विन प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर डा. गोपाल शर्मा ने कोल्ड चैन केन्द्रों के संचालकों को प्रशिक्षण देते वैक्सीन के सही रखरखाव गुणवत्ता बनाए रखने, कोल्ड चेनों का सुदृढ़ीकरण करने के लिए इनको ऑनलाइन किये जाने की आवश्यकता जताई। इसके लिए इन कोल्ड चेनों में रेफ्रिजिरेटर में एक सिम टैप लांगर मशीन लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं को विभागीय दिशा निर्देशों के अनुसार की टीके लगाए जाने चाहिए। तभी बच्चों को रोगों से निजात मिल सकेगी और विभाग की मंशा भी पूरी हो सकेगी वर्तमान में सरकार का पूरा ध्यान स्वास्थ्य पर है। प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनीष चौधरी भी मौजूद रहे।
बयाना. गांव बिडयारी में ओडीएफ की घोषणा करते जिला कलेक्टर।