पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंटी, यात्रियों में मचा हड़कंप

कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंटी, यात्रियों में मचा हड़कंप

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बयाना। बयाना-हिण्डौन रेलमार्ग पर शनिवार शाम शेरगढ़ गांव के निकट मथुरा-सवाईमाधोपुर पैसेंजर का कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। कपलिंग टूटने से ट्रेन से अलग हुआ इंजन एक डिब्बे के साथ करीब आधा किलोमीटर दूर तक चला गया। इस कारण करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन घटना स्थल पर खड़ी रही। कपलिंग टूटने के दौरान ट्रेन भरतपुर से सवाई माधोपुर जा रही थी। बाद में बयाना से एक अतिरिक्त इंजन भेज कर ट्रेन को वापस बयाना जंक्शन लाया गया।

जानकारी के अनुसार भरतपुर से चल कर सवाई माधोपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन शाम करीब सवा चार बजे बयाना स्टेशन से रवाना हुई। दस मिनट बाद ही शेरगढ़ गांव के फाटक संख्या 217 सी के निकट दूसरे नम्बर के कोच की कपलिंग का पूरा हिस्सा अचानक टूट कर अलग हो गया। इससे इंजन के साथ लगा एक कोच आधा किमी आगे तक चला गया। कपलिंग टूटने से यात्रियों को अचानक तेज झटका लगा और यात्री घबरा गए। बाद में ट्रेन रुकते ही यात्री डिब्बों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और बयाना से एक इंजन को घटना स्थल के लिए भेजा गया। यह इंजन ट्रेन को वापस बयाना लाया। बाद में रेल कर्मचारियों ने कपलिंग टूटने से खराब हुए कोच को हटा कर ट्रेन के शेष कोचों को सवाईमाधोपुर के लिए रवाना किया।

घटना के संबंध में बयाना स्टेशन अधीक्षक जे पी शर्मा ने बताया कि कपलिंग टूटने से इंजन कोच अलग हो गए थे। ट्रेन को वापस बयाना लाया गया।