- Hindi News
- बिगड़े मौसम के कारण रैली में कम गए कार्यकर्ता
बिगड़े मौसम के कारण रैली में कम गए कार्यकर्ता
भरतपुर. सरकारके एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित जयपुर रैली में लक्ष्य से कम कार्यकर्ता जा पाए। इसकी वजह खराब मौसम था। मावठ और तेज सर्दी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को प्रभावित किया।
जिलाध्यक्ष भानुप्रतापसिंह ने बताया कि रैली में जिले से करीब 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जबकि रैली का लक्ष्य 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने का था। रैली में करीब 200 बसें और 300 छोटी गाड़ियों के जाने का दावा किया गया है। जबकि खुफिया तंत्र ने यह संख्या और कम आंकी है।
इधर कामां में विधायक जगतसिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता जयपुर रवाना हुए। कार्यकर्ता विधायक कार्यालय से बसों में रवाना हुए। बयाना में जिलाध्यक्ष भानुप्रताप राजावत विधायक बच्चूसिंह बंशीवाल ने कार्यकर्ताओं को झंडी दिखाकर जयपुर रवाना किया। वैर तथा भुसावर में सांसद बहादुरसिंह ने हरी झंडी दिखाई। वैर से करीब 85 वाहनों में बैठकर कार्यकर्ता जयपुर गए। इधर कांग्रेस के पार्षद संजय शुक्ला ने भाजपा की रैली में परिवहन विभाग द्वारा विद्यालयों की बसों को भी जबरन भेजने का आरोप लगाया है। शुक्ला ने कहा कि इससे बच्चों को परेशानी हुई।