पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फिटनेस जांच के बाद भी दो हिस्सों में बंटी ट्रेन, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित

फिटनेस जांच के बाद भी दो हिस्सों में बंटी ट्रेन, तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बयाना। दो दिन पूर्व भिवानी में कोचों की फिटनेस जांच के बाद मथुरा-सवाईमाधोपुर पैसेंजर का कपलिंग टूटने से ट्रेन दो भागों में बंट गई। रेलवे ने इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार दुर्घटना से दो दिन पूर्व 5 फरवरी को ही भिवानी में ट्रेन के कोचों की नियमित फिटनेस जांच हुई थी। वहीं शनिवार को बयाना-हिण्डौन रेल मार्ग पर पैसेंजर ट्रेन का कपलिंग टूट गया और ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इस मामले में डीआरएम ने सहायक मंडल (परिचालन) प्रबंधक एसआर मीणा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इसमें सहायक यांत्रिकी अभियंता सहायक विद्युत अभियंता को शामिल किया गया है। कमेटी ने रविवार को दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए बयाना स्टेशन का निरीक्षण कर कपलिंग टूटने से क्षतिग्रस्त हुए कोच की फोटोग्राफी कराई तथा ट्रेन चालक गार्ड के बयान लिए।

गौरतलब है कि शनिवार की शाम करीब सवा चार बजे सवाई माधोपुर पैसेंजर ट्रेन के कोच की कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई थी तथा इंजन एक कोच को साथ लेकर करीब आधा किमी आगे निकल गया था।
दुर्घटना के बाद ट्रेन को वापस बयाना स्टेशन लाया गया था तथा करीब चार घंटे की देरी के बाद रात पौने नौ बजे ट्रेन को वापस सवाईमाधोपुर रवाना किया जा सका था। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक जे पी शर्मा का कहना है कि डीआरएम के स्तर पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। टीम ने रविवार को बयाना स्टेशन का दौरा कर दुर्घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए हैं।