एफडीआई के विरोध में प्रदर्शन
आलइंडिया रेलवे मैंस फेडरेशन वेस्ट सैंट्रल रेल एम्पलाइज यूनियन के कर्मचारियों ने एफडीआई के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय मांग दिवस मनाया तथा सहायक मंडल अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के नाम सहायक मंडल अभियंता को ज्ञापन देकर रेलवे में एफडीआई पर पुर्नविचार की मांग की।
सुबह रेलवे कर्मचारी डब्ल्यू सीआरइयू के कार्यालय से झंडे, बैनरों के साथ स्टेशन परिसर में नारेबाजी करते हुए एडीइएन कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के बाद सहायक मंडल अभियंता कार्यालय पर सभा आयोजित कि गई। इसमें डब्ल्यू सीआरइयू के मंडल उपाध्यक्ष चंदशेखर शर्मा, शाखा सचिव करतार सिंह, दामोदर सिंह ने कर्मचारियों को एफडीआई पीपीपी से रेल उद्योग पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया। एफडीआई के विरोध में 26 सितंबर को डब्ल्यू सीआर के जोनल मुख्यालय जबलपुर पर प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें भाग लेने के लिए भरतपुर से भी कर्मचारी जाएगे। इस मौके पर पी कटारा, वाई के मिश्रा, प्रताप सिंह, अश्विनी शर्मा, रेवती प्रसाद आदि मौजूद थे।
बयाना:वेस्टसेन्ट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन कोटा मंडल की ओर से शुक्रवार को स्टेशन परिसर पर रेलकर्मियों ने रेलवे में पीपीपी एफडीआई सहित अन्य समस्याओं को लेकर नारेबाजी करते हुए चेतना यात्रा निकाली। बाद में यूनियन के सदस्यों ने समस्याएं दूर करने की मांगों को लेकर स्टेशन अधीक्षक जेपी शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा। सुबह करीब आठ बजे यूनियन से जुड़े रेलकर्मी स्टेशन परिसर में एकत्र हुए तथा ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद यूनियन कार्यालय पर हुई बैठक में वक्ताओं ने रेलवे में पीपीपी एफडीआई को लागू नहीं करने की मांग की। साथ ही रेलकर्मियों को आने वाली समस्याओं पर विचार विमर्श करते हुए, समय पर उनका निराकरण कराए जाने के लिए रेलवे प्रशासन पर दबाब बनाने का निर्णय लिया। इस दौरान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सचिव हेमेन्द्र शर्मा, रूपसिंह, सतीश शर्मा, केएस मीना आदि मौजूद थे।
भरतपुर. रेलवे कर्मचारी एफडीआई के विरोध में सहायक मंडल अभियंता कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए।