कोहरे ने लेट कराईं ट्रेनें
हिंडौन सिटी | सर्दीबढ़ने के साथ ही कोहरे ने भी रंग दिखाना शुरू कर दिया है। कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है और दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर संचालित लंबी दूरी की कई ट्रेनें देरी से रही हैं। रविवार को पटना से कोटा जाने वाली पटना-कोटा पैसेंजर ट्रेन निर्धारित समय से करीब 15 घंटे देरी से आई। ट्रेन के देरी से आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी दोपहर 12 बजे तक कोहरा परसा रहा। इस दौरान ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। स्टेशन मास्टर गजानंद गुप्ता ने बताया कि रेलवे की ओर से ट्रेनों के चालक को कोहरे के दौरान ट्रेनों की गति धीमी रखने के निर्देश दिए हुए हैं। यही कारण है कि कई स्थानों पर घने कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन देरी से हो पा रहा है। पटना से कोटा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन भरतपुर-अचनेरा होते हुए किया जा रहा है। इसी तरह जयपुर-बयाना पैसेंजर ट्रेन रविवार दोपहर जयपुर से बयाना जाते समय एक घंटे देरी से तथा बयाना से जयपुर जाते समय डेढ़ घंटे देरी से आई।