बयाना के युवक की हिंडौन में संदिग्ध मौत
हिंडौन सिटी| बयानाके निवासी एक युवक की सोमवार को यहां संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। युवक का शव रेलवे स्टेशन बजरिया के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल के बाहर लावारिस अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बयाना के खादी भंडार के पास का निवासी युवक सुरेश (30) पुत्र बाबूलाल चौबदार रेलवे प्लेटफार्म पर लगने वाली खान-पान की ट्रॉली वाले के पास कार्य करता था। वह ट्रेनों मेंे खोमचा लगाता था। सोमवार को सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन बजरिया के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल के बाहर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इस पर डीएसपी अर्जुन सिंह, कोतवाली के एएसआई रामस्वरुप सिंह जादौन पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पूछताछ के बाद मृतक की शिनाख्त बयाना के सुरेश चौबदार के रुप में हुई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल लाया गया। थानाप्रभारी कैलाश जिंदल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
उन्होंने बताया कि मृतक सुरेश के दो बड़े भाई बबली और समय सिंह भी ट्रेनों में खोमचे बेचने का कार्य करते हैं। दोनों भाइयों ने बताया कि मृतक सुरेश शराब पीने का आदी था। मृतक का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि मौत के कारणों की जानकारी के लिए मृतक का विसरा लिया गया है और जांच के लिए विधि प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों की जानकारी मिल पाएगी।