23 लाख की शराब से भरा ट्रक पकड़ा
हरियाणासे गुजरात में तस्करी करके ले जाई जा रही शराब से भरे ट्रक को पुलिस ने ब्यावर-अजमेर रोड पर पकड़ लिया। ट्रक में करीब 23 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब की 741 पेटियां रखी हुई थी। हरियाणा ब्रांड की प्रदेश में प्रतिबंिधत इन शराब की पेटियों में 440 पेटियां बीयर और 301 पेटियां अंग्रेजी शराब शामिल है। सदर थाना प्रभारी अनूप सिंह के अनुसार गुरुवार सुबह मुखबिर की इत्तला पर सहायक पुलिस अधीक्षक जय यादव ने एएसआई सीयाराम विश्नोई के नेतृत्व में टीम गठित कर सुबह करीब साढ़े 10 बजे अजमेर रोड हाइवे पर गश्त के लिए भिजवाया। जहां टोल नाके के पास अजमेर की तरफ से हरियाणा नंबर के ट्रक के आने पर उसे रुकवा कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में अवैध रूप से शराब की पेटियां रखी हुई मिली। पुलिस टीम ने मुकदमा दर्ज कर ट्रक और शराब की पेटियों को जब्त कर लिया। साथ ही हरियाणा के भिवानी सदर निवासी आरोपी ट्रक चालक सोनू (25) पुत्र कंवरसिंह राजपूत और भिवानी जिले के रिवासा गांव निवासी खलासी प्रवीण (30) पुत्र जगदीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में जगवेंद्र सिंह, बीरबल, जगमोहन, ऋषि, रणधीर, सुरेंद्र आदि शामिल थे।
दवाईकी बिल्टी की आड़ में तस्करी : पुलिसजांच में पता चला कि ट्रक में शराब की पेटियों की तस्करी दवाईयों की बिल्टी की आड़ में हो रही थी। दवा की बिल्टी हरियाणा के हिसार से हैदराबाद तक की बनी हुई थी। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही हैं कि शराब की खेप को गुजरात ले जाया जा रहा था या उसके आगे हैदराबाद की ओर ले जाने का इरादा था।
ब्यावर. शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए ट्रक चालक खलासी।