स्कूलें बंद होने से मगरांचल में असंतोष
ब्यावर. राजस्थानशिक्षक संघ राष्ट्रीय ने एकीकरण नीति के तहत बंद हुए स्कूलों की उच्च स्तरीय पुन: जांच कराने की गुहार लगाई है। शिक्षक संघ ने जवाजा ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पर नियम विरुद्ध बंद हुई स्कूलों की शिकायतों की सुनवाई नहीं करने और विरोध को गलत ठहराने का भी आरोप लगाया है। शिकायत जिला कलेक्टर को भेजी गई है। जिलाध्यक्ष गुरूशरण गोयल ने बताया कि एकीकरण में समन्वित 135 स्कूलों में से 28 राजस्व ग्राम तथा 42 स्कूलों की दूरी नियमों से ज्यादा है। बंद हुए प्राथमिक स्कूल 1 किमी एवं उच्च प्राथमिक 2 किमी से ज्यादा दूरी पर स्थित हंै। कई स्कूल आदर्श स्कूलों से 3 से 4 किलोमीटर दूर हंै। संपूर्ण मगरा पहाड़ी क्षेत्र में ऐसे स्कूलों के बंद होने से भारी असंतोष है। शिक्षक संघ ने जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी को जनविरोध के कारण स्कूलों की पुन: जांच की मांग की है। जिलाध्यक्ष गोयल ने बताया कि जवाजा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जनविरोध शिकायतों को झूठा बताया जा रहा है।