शहर में विशेष सफाई अभियान जारी
ब्यावर|विशेष स्वच्छतासप्ताह के तहत नगर परिषद आयुक्त मुरारीलाल वर्मा एवं परिषद के स्वास्थ्य अधिकारी विजय सिंह चौधरी के निर्देशन में विशेष सफाई अभियान जारी है।
परिषद के स्वास्थ्य निरीक्षक भंवरलाल जावा एवं हरि राम लखन की देखरेख में सफाई जमादार अपनी टीम सहित जुटे हुए हैं। सफाईकर्मियों द्वारा प्रतिदिन शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई गतिविधियां ज़ारी है। नगर परिषद के स्वास्थ्य अधिकारी विजय सिंह चौधरी ने बताया कि परिषद द्वारा शहरी क्षेत्र के वार्डाें में स्थित विभिन्न भागों एवं स्थानों पर कचरा डिपो कचरा पात्रों में संग्रहित कचरा प्रतिदिन हटवाया जा रहा है। नियमित सफाई कार्यवाही के अतिरिक्त इन दिनों चल रहे स्वच्छ राजस्थान सप्ताह के अन्तर्गत गुरूवार को छावनी रेलवे फाटक के समीप, अमृतकौर चिकित्सालय रोड तथा रैदासपुरा में सफाई की गई। वार्ड 1, 2, 4, 6 37 में लंबे समय से जमा करीब 18 टन मलबा हटाया गया। लोकाशाह नगर स्थित खाली पड़े हुए प्लॉटों में से कचरा मलबा उठाकर वातावरण स्वच्छ किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार शुक्रवार को एक डंपर एवं जेसीबी से शहर में सतपुलिया से अजमेर बाईपास तक रोड के दोनों साईड पर स्थित झाडिय़ों की कटाई और जमा मिट्टी एवं मलबा आदि उठाकर लेवलिंग संबंधी कार्य किया गया।