संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत
हाउसिंगबोर्ड क्षेत्र के आशापुरा माता मंदिर के समीप स्थित डेरे में रहने वाले एक युवक की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक को दाे अज्ञात युवक बाइक पर बिठाकर ले गए। थोड़ी देर बाद दोनों युवक उसे अचेतावास्था में पटक कर चले गए। जहां से उसे परिजन अस्पताल लेकर गए।
जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के मैहर जिला सतना निवासी बरना(37) पुत्र झलिया अपने परिजनों के साथ आशापुरा माता मंदिर के समीप डेरा डाल कर वहां रहता है। वह शहर में चीनी के बर्तन बेचने का काम करता है। उसके रिश्तेदार मकनू ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे बाइक पर दो युवक आए। युवकों ने बरना को 500 रुपए का लालच देते हुए सांप पकड़ने की बात कही। बरना लालच में गया और दोनों युवकों के साथ बैठकर चला गया। परिजनों ने बताया कि करीब 1 घंटे बाद दोनों युवक बाइक पर बरना के साथ आए और बरना को डेरे के समीप पटक कर चले गए। परिजनों ने बताया कि बरना के दोनों हाथ पर सांप काटने के निशान थे। परिजन उसे लेकर राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बरना को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर शव उन्हें सौंप दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने जानकारी होने से इनकार कर दिया।