रोडवेज बस नहीं रोकने पर चालक से मारपीट
भीलवाड़ाआगार की रोडवेज बस के चालक ने दंपती सहित अन्य लोगों के विरुद्ध बस नहीं रोकने पर उसके साथ मारपीट गाली गलौच करने तथा राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। सिटी थाने में न्यायिक इस्तगासे के माध्यम से दर्ज मामले में भीलवाड़ा आगार के चालक ग्राम श्रीनगर खेड़ा निवासी भंवर रावत पुत्र बालू ने बताया कि वह गत 31 जनवरी को बस लेकर भीलवाड़ा से जयपुर जा रहा था। कोटा बाइपास चौराहे पर लोहरवाड़ा हाल किशनगढ़ निवासी मोना प|ी सुनील शर्मा, उसका जीजा दो बहनें वैन लेकर खड़े थे। उन्होंने बस को रुकवाने का इशारा किया, लेकिन उक्त स्थान पर बस का स्टॉपेज नहीं होने पर उसने बस नहीं रोकी और वह बस को लेकर नसीराबाद बस स्टैंड पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी उसका वैन से पीछा करते हुए बस स्टैंड पर गए और बस के आगे वैन लगाकर उसे चालक सीट से उतारकर उसके साथ गाली गलौच मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद आरोपी मोना बस में किशनगढ़ के लिए सवार हो गई और पूरे रास्ते उसके साथ गाली गलौच की तथा बस में से फोन कर अपने पति सुनील शर्मा अन्य लोगों को किशनगढ़ के सरवाड़ी गेट बुला लिया। यहां बस के पहुंचने पर सुनील शर्मा उसके साथियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया धमकी दी। इस पर पुलिसकर्मियों ने बस को वहां से निकलवाया। सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।