रेलवे ने चलाया सफाई अभियान
स्टेशनोंको साफ सुथरा रखने के उद्देश्य से अजमेर मंडल में भी सफाई अभियान प्रारंभ किया है। इसी के तहत गुरुवार को ब्यावर रेलवे स्टेशन पर भी सफाई अभियान शुरू किया गया। मंडल रेल प्रबंधक नरेश सालेचा के अनुसार यह सफाई अभियान अजमेर मंडल के सभी स्टेशनों पर 2 अक्टूबर तक चलेगा। महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर को रेलवे द्वारा महास्वच्छता दिवस के रूप में मनाया जायेगा, जिसके अंतर्गत अभियान चलाकर सभी स्टेशनों, रेल परिसरों, रेल कारखानों, रेलवे अस्पतालों, ट्रेनों, रेलवे काॅलोनियों आदि में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सरकार गैर सरकारी संस्थाओं, छात्रों आमजन की सहभागिता श्रमदान के द्वारा साफ सफाई की जायेगी।
मंडल रेल प्रबंधक सालेचा ने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों द्वारा इस अभियान हेतु समन्वित प्रयास किये जाएं। रेलवे ने आमजन स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूल काॅलेजों, सरकारी गैर सरकारी विभागों तथा जिला प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर सहयोग प्रदान करें। श्रमदान, सहभागिता जन सहयोग पर आधारित इस अभियान के कुशल संचालन हेतु रेल प्रशासन द्वारा टीमों का गठन कर उन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई।
अभियान से संबंधित पोस्टर, पेम्पलेट बैनर छपवाये गये हैं जिनका प्रदर्शन कर आमजन में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता फैलायी जायेगी। सालेचा ने अपील की कि श्रमदान के अतिरिक्त संस्थाओं द्वारा अभियान के अंतर्गत सफाई हेतु उपयोग में आने वाली सामग्री यथा झाडू, कचरा पात्र, दस्ताने, कचरा उठाने हटाने के उपकरण, सफाई के स्लोगनयुक्त टी शर्ट टोपी के रूप में सहयोग कर लोगों को जागरूक करें। सालेचा ने बताया कि मुख्य उद्देश्य आमजन को सार्वजनिक स्थानों विशेषकर ट्रेनों रेलवे स्टेशनों तथा परिसरों में साफ-सफाई रखने हेतु प्रेरित करना है जिससे वातावरण स्वच्छ रहे, बीमारियां हो तथा स्वच्छता की आदत सभी आमजन में बनाई जा सके।