- Hindi News
- जयपुर पुलिस ने की लूट के आरोपियों से पूछताछ
जयपुर पुलिस ने की लूट के आरोपियों से पूछताछ
शहरके प्रोपर्टी डीलर की आंखों में मिर्ची झोंककर 20 लाख रुपए लूटने के आरोपियों से शनिवार को जयपुर के मुरलीपुरा थाना पुलिस ने पूछताछ की। आरोपियों ने ब्यावर पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारियों से लूट की वारदातें कबूली थी।
सूचना मिलने पर शुक्रवार को जयपुर कमिश्नरेट से आए सब इंस्पेक्टर ने भी आरोपियों से पूछताछ की थी। लूट की वारदातों में गिराेह का सरगना और मास्टर माइंड रामपाल अभी भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। उसकी तलाश में पुलिस टीम फिर से जयपुर रवाना हो गई है। पुलिस को मुखबिर इत्तला मिलने पर उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देगी। गौरतलब है कि 5 मई को शहर के मुणोत कॉलोनी निवासी पुखराज जैन की आंखों में मिर्ची झाैंक कर तीन युवक 20 लाख रुपए लूट ले गए।
तीन महीने की तलाश और जांच के बाद पुलिस ने मामले में कोटपूतली निवासी नरेश कुमार, राजकुमार और आगरा हाल जयपुर निवासी पवन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नरेश और पवन ने लूट की वारदात में शामिल होना कबूल किया। जांच में सामने आया कि पूरी वारदात का मास्टर माइंड और गिरोह का सरगना रामपाल है। जो अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। नरेश पर कोटपूतली में बैंक डकैती के प्रयास का मामला दर्ज है जबकि रामपाल पर विभिन्न थानों में करीब 6 मामले पेंडिंग चल रहे हैं।
आरोपियों से रकम बरामदगी के प्रयास जारी, मुख्य अारोपी की तलाश में टीम फिर जयपुर रवाना