प्रेमप्रकाश आश्रम का वार्षिकोत्सव 18 से
श्री प्रेमप्रकाश आश्रम के वार्षिकोत्सव का आगाज 18 सितंबर को धूमधाम से होगा। 22 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
श्री प्रेम प्रकाश आश्रम के संत हिमांशु के सान्निध्य में आश्रम परिसर में ही शनिवार को बैठक हुई। इसमें वार्षिकोत्सव के सफल आयोजन को लेकर लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रचार समिति प्रमुख नरेंद्र जेसवानी ने बताया कि बैठक में भंडारा समिति, संत सेवा समिति, पांडाल समिति, जलसेवा, अतिथि सत्कार, शोभायात्रा, स्वागत और प्रचार समिति सहित अन्य समितियों का गठन किया गया।
वार्षिकोत्सव का आगाज 18 सितंबर को श्री प्रेमप्रकाश ग्रंथ श्रीमद् भागवत गीता पाठ शुभारंभ के साथ होगा। 19 सितंबर को सुबह 8 से 10 बजे और शाम 5 से 8 बजे तक सत्संग कार्यक्रम होगा। 20 को अमरापुर दरबार के महामंडलेश्वर भगत प्रकाश महाराज का ब्यावर आगमन और शोभायात्रा, प्रेमप्रकाश आश्रम पर झंडारोहण और शाम 5 से 8 बजे तक महामंडलेश्वर का सत्संग कार्यक्रम। 21 सितंबर को सुबह 8 से 10 बजे तक और शाम 5 से 8 बजे तक सत्संग प्रवचन, 22 को सुबह 7 बजे मूर्तिपूजन महाआरती, श्रीमद् भागवत गीता प्रेमप्रकाश आश्रम के पाठ का भोग लगाकर समापन और शाम 5 बजे पल्लव पाने के साथ ही वार्षिकोत्सव का समापन होगा।
इससे पहले 16 सितंबर को शाम 4 बजे सेंट्रल सिंधी समाज प्रेमप्रकाश नवयुवक मंडल द्वारा पाली बाजार, अग्रसेन बाजार, अजमेरी गेट समेत प्रमुख मार्गों से महामंडलेश्वर भगत प्रकाश महाराज के आगमन वार्षिकोत्सव में पधारने के लिए निमंत्रण पत्र वितरित किए जाएंगे। बैठक में नानकराम, उद्धवदास गुरनानी, नारायण दास, लक्ष्मण गुरनानी, हरिकिशन तिलोकानी, महेंद्र लोकवानी, रामचंद्र भोजवानी, वासु लालवानी, भगवान सेवानी, भगवान दरियानी, कमल चंचलानी, कुमार सदनानी आदि मौजूद थे।